नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार रात उपनगर नीमच सिटी में वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए हिंदू संगठनों की ओर से भव्य मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। हाथों में जलती मशालें और भगवा पताकाएं थामे लोगों ने जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष लगाए, जिससे पूरा उपनगर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।परंपरानुसार मशाल जुलूस की शुरुआत प्रताप चौक स्थित नरसिंह मंदिर से हुई। यहां से जुलूस ग्वाल मोहल्ला, पिपली चौक, मोची बाजार, कचहरी मार्ग और कोट मोहल्ला सहित नीमच सिटी के विभिन्न मार्गों से होता हुआ पुनः प्रताप चौक पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया।नीमच सिटी में शरद पूर्णिमा पर मशाल जुलूस निकालने की परंपरा वर्षों पुरानी है। हर साल इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। परंपरा के अनुरूप निकलने वाला यह जुलूस क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता का परिचायक है। मशालों की रोशनी और भगवा पताका के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ जुलूस में आगे बढ़ते रहे तथा धार्मिक जयघोष करते रहे।जुलूस के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी,थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। निर्धारित मार्ग से निकले जुलूस के समापन तक सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के चलते नीमच सिटी के प्रमुख मार्गों पर देर रात तक धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।