नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नीमच सिटी थाना क्षेत्र के सिरखेड़ा गांव में खेत पर मजदूरी करने गए 27 वर्षीय युवक की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के बाद युवक को खेत से गांव तक लाने के लिए परिजनों को नाव का सहारा लेना पड़ा। इसके बाद परिजन उसे तत्काल नीमच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरखेड़ा निवासी ओमप्रकाश पिता नानूराम बुधवार दोपहर खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के समय उनकी पत्नी भी खेत पर मौजूद थी। सांप के डसने के बाद पत्नी ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे।
खेत और गांव के बीच पानी भरा होने के कारण ओमप्रकाश को गांव तक लाने में परेशानी हुई। ऐसे में परिजनों को नाव की मदद लेनी पड़ी। किसी तरह उन्हें गांव तक लाने के बाद परिजन उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया।गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में ओमप्रकाश के शव का पोस्टमार्टम किया गया। नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।