नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन कनावटी स्थित शहीद स्मारक पार्क में पुलिस स्मृति परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को नमन किया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इसके पश्चात पुलिस स्मृति परेड आयोजित हुई, जिसमें शहीद जवानों को सलामी देकर श्रद्धांजलि दी गई। परेड का नेतृत्व प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चन्द्रवंशी ने किया।

*1959 की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है दिवस*

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों की शहादत और देशभर में कर्तव्य के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

**जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया नमन**

कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाती गौरव चौपड़ा, एसडीएम पराग जैन, सीएसपी किरण चौहान, जावद एसडीओपी हर्ष राठौर, प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चन्द्रवंशी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह एवं सुरेश सिसोदिया तथा होमगार्ड कमांडेंट युवराज सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति उनके समर्पण को नमन किया गया।