नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को नीमच पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन का आयोजन विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शस्त्रों और पुलिस वाहनों का पूजन कर जिले में शांति, सौहार्द, सामाजिक समरसता और सुख-समृद्धि की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन और हवन के साथ विजयादशमी पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार,भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सहित अन्य अधिकारियों ने पंडित घनश्याम शास्त्री के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों एवं पुलिस वाहनों का पूजन किया। इस दौरान परंपरानुसार प्रतीकात्मक रूप से कद्दू की बलि दी गई। इसके बाद जिले की खुशहाली, उन्नति और नागरिकों की सुख-समृद्धि के लिए हवन किया गया।
कार्यक्रम में एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव,सीएसपी किरण चौहान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूजन और हवन के समापन पर सभी ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कर्तव्य और जनसुरक्षा का संकल्प*

पुलिस विभाग में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा शक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक मानी जाती है। यह अवसर पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज में शांति कायम रखने के अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने की प्रेरणा देता है।शस्त्रों एवं पुलिस वाहनों के पूजन के माध्यम से विश्व शांति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की कामना की गई। साथ ही जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए भी प्रार्थना की गई।