नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नीमच-राजस्थान सीमा पर स्थित नयागांव आरटीओ बैरियर पर सोमवार शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब आरटीओ टोल कर्मचारियों द्वारा एक ट्रक चालक को थप्पड़ मार दिया गया। घटना से आक्रोशित ट्रक चालकों ने अवैध वसूली और कर्मचारियों की मनमानी के खिलाफ चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान बैरियर परिसर में बनी एक गुमटी में आगजनी की घटना भी सामने आई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहनों की जांच के दौरान आरटीओ कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच विवाद हुआ था। चालक को थप्पड़ मारे जाने की बात फैलते ही बड़ी संख्या में ट्रक चालक एकत्रित हो गए और बैरियर की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। चालकों ने कथित अवैध वसूली पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की।चक्काजाम के कारण नीमच-मऊ मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात बाधित होने से वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान गुमटी में आग किसने लगाई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।हंगामे और चक्काजाम की सूचना मिलने पर जावद एसडीएम संजीव साहू,एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बाद में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी ट्रक चालकों से चर्चा कर उनकी शिकायतें सुनीं और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू करवाई गई।घटना के बाद नयागांव आरटीओ बैरियर की कार्यप्रणाली और ट्रक चालकों द्वारा लगाए गए अवैध वसूली के आरोपों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।