नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने दशहरा मैदान पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और दशहरा समिति के सदस्यों को सुरक्षा,भीड़ प्रबंधन, पार्किंग तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रावण दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।कलेक्टर ने दशहरा मैदान में सुरक्षा की दृष्टि से इनर और आउटर डबल बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रावण दहन के दौरान कोई भी व्यक्ति पुतले के नजदीक नहीं पहुंच सके। इसके साथ ही मैदान में भीड़ के आवागमन को नियंत्रित करने और लोगों की सुविधा के लिए प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने को कहा गया।
वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था करने तथा कार्यक्रम के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।रावण दहन और आतिशबाजी के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। कलेक्टर ने दशहरा मैदान में दो फायर ब्रिगेड तैनात रखने तथा एक अतिरिक्त फायर ब्रिगेड मैदान के बाहर तैयार स्थिति में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।आतिशबाजी को लेकर भी प्रशासन ने सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। रावण दहन के दौरान रॉकेट का उपयोग नहीं करने तथा कम दूरी तक जाने वाले अच्छी गुणवत्ता के पटाखों का ही इस्तेमाल करने को कहा गया है। साथ ही आतिशबाजी के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल को मनासा और जावद में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। दोनों स्थानों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।कलेक्टर ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। सभी नागरिक इस पर्व को सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ मनाएं। आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग और दशहरा समिति आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम नीमच पराग जैन, सिटी एसपी किरण चौहान, सीएमओ दुर्गा बामनिया, दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।