नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।पैतृक कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने, जमीन पर खेती करने से रोकने, मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नीमच में ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।ज्ञापन में फरियादी राजू पिता माधुसिंह भील, निवासी ग्राम हिंगोरिया, वर्तमान निवासी सुबी, राजस्थान ने आरोप लगाया कि ग्राम हिंगोरिया स्थित उसकी पैतृक कृषि भूमि, जिसका खसरा नंबर 427/1 है, पर मनीष नागदा पिता चन्द्रशेखर नागदा एवं उनके परिवारजनों ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया है। फरियादी का कहना है कि उसे उसकी कृषि भूमि से बेदखल कर दिया गया है।
राजू भील ने ज्ञापन में बताया कि जब भी वह अपनी जमीन पर खेती करने, जोतने या हांकने के लिए जाता है, तो उसे कथित रूप से रोका जाता है। उसने मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर वहां से भगाने का भी आरोप लगाया है।फरियादी के अनुसार, आरोपियों की धमकियों के कारण वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है। उसने जान से मारने की धमकी मिलने की बात कहते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को दिए गए ज्ञापन में फरियादी ने पुलिस अधीक्षक से कृषि भूमि को कथित कब्जे से मुक्त करवाकर उसे वापस दिलाने, मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन के साथ कृषि भूमि के स्वामित्व एवं आधिपत्य से संबंधित दस्तावेज की छायाप्रति भी संलग्न किए जाने का उल्लेख किया गया है।