नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नीमच जिले के ग्राम धनेरिया कला निवासी सुनील पिता प्रेमचंद अहीर को एनडीपीएस प्रकरण में फंसाने की धमकी देने और उनके परिवार को परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नारायणी सेना–अहीर यादव यदुवंशी समाज, जिला नीमच, पीड़ित परिवार एवं स्वयं सुनील अहीर ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में परिवारजनों के हवाले से आरोप लगाया गया कि ब्यावर-मसूदा पुलिस क्षेत्र से जुड़े कुछ व्यक्ति काली स्कॉर्पियो गाड़ी से ग्राम धनेरिया कला पहुंचे थे। परिवार के अनुसार, वहां एक व्यक्ति ने अपना नाम देवराज चौधरी बताते हुए सुनील अहीर के संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने सुनील से आकर मिलने की बात कही और ऐसा नहीं करने पर उसका नाम 9 किलो अफीम के मामले में जोड़ने की धमकी दी।परिवारजनों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति अपना मोबाइल नंबर 9950001840 देकर गया था। इसके बाद उक्त नंबर से लगातार फोन कर मिलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। परिवार का कहना है कि एनडीपीएस प्रकरण में झूठा फंसाने की कथित धमकियों से वे भयभीत हैं और मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।ज्ञापन में यह भी बताया गया कि मामले से संबंधित कॉल रिकॉर्डिंग और पूर्व में हुई बातचीत के साक्ष्य परिवार के पास उपलब्ध हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है। समाजजनों ने मांग की कि संबंधित व्यक्तियों की पहचान, उनके पुलिस विभाग से जुड़े होने की स्थिति तथा मोबाइल नंबर से हुई बातचीत की नियमानुसार जांच की जाए।नारायणी सेना–अहीर यादव यदुवंशी समाज ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों का पता लगाया जाए। यदि किसी व्यक्ति द्वारा सुनील अहीर को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने या अनावश्यक रूप से परेशान करने की पुष्टि होती है, तो संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।समाज ने यह भी मांग की कि सुनील अहीर और उनके परिवार को अनावश्यक रूप से परेशान होने से बचाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं तथा जांच और कार्रवाई की जानकारी नियमानुसार पीड़ित परिवार को दी जाए।ज्ञापन सौंपने पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।