नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच के बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंगोरिया फाटक के समीप शुक्रवार दोपहर भाजपा जिला मंत्री एवं नमो ग्रुप के प्रदेश अध्यक्ष रोशन वर्मा और उनके पांच साथियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। रोशन वर्मा ने मुन्ना नागदा, मनीष नागदा और उनके अन्य 10 से 15 साथियों पर घेराबंदी कर मारपीट करने तथा फायरिंग करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद रोशन वर्मा अपने साथियों के साथ बघाना थाने पहुंचे, जहां समाचार लिखे जाने तक शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी थी।

*जमीन देखने के लिए खड़े थे,तभी पहुंचे आरोपी*

रोशन वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने साथियों राकेश सालवी, दिव्य प्रकाश गोयल, नवीन वर्मा, संदीप वर्मा और मोहित गोयल के साथ हिंगोरिया फाटक के समीप खड़े थे। वे कान सिंह दलाल का इंतजार कर रहे थे, जो राजू नामक व्यक्ति का खेत दिखाने आने वाले थे।इसी दौरान वहां मुन्ना नागदा, मनीष नागदा और उनके अन्य साथी पहुंचे। रोशन वर्मा के अनुसार, उन्होंने वहां खड़े होने का कारण पूछा तो साथियों ने बताया कि वे जमीन देखने आए हैं। आरोप है कि इस पर संबंधित लोगों ने वहां से चले जाने को कहा और आसपास की जमीन पर अपना अधिकार होने की बात कही।

*फोन पर साथियों को बुलाकर घेरने और मारपीट का आरोप*

रोशन वर्मा के मुताबिक, जब वे वहां से जाने लगे, तभी मुन्ना नागदा और मनीष नागदा के फोन करने पर करीब 10 से 15 लोग मौके पर एकत्रित हो गए। आरोप है कि सभी ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। रोशन वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान मुन्ना नागदा ने फायरिंग की।घटना के बाद रोशन वर्मा और उनके साथी किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाते हुए बघाना थाने पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।

*पुलिस शिकायत के बाद जांच में सामने आएंगे तथ्य*

मामले में मारपीट के साथ फायरिंग के आरोप भी लगाए गए हैं। फिलहाल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के दौरान पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।