नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले के ग्राम बरूखेड़ा निवासी एक परिवार ने अपने ससुर और पति पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत आवेदन सौंपा है। आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेने और जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। शिकायत की प्रतिलिपि रतलाम रेंज के डीआईजी को भी संबोधित की गई है।आवेदन में पूजा पति राहुल मालवीय और संगीता पति अर्जुन ने बताया कि उनके परिवार की महिला आरती पति मुकेश मालवीय द्वारा उनके ससुर और पति पर कपड़े उतारकर घूमने का आरोप लगाया गया है। आवेदकों ने इस आरोप को निराधार बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पहले भी परिवार के सदस्यों के खिलाफ शिकायतें और एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई है, जिसके चलते परिवार लंबे समय से तनाव का सामना कर रहा है।
**धमकियां देने का भी लगाया आरोप**
शिकायतकर्ताओं ने आवेदन में आरोप लगाया कि उन्हें परिवार को नुकसान पहुंचाने और बच्चों को अनाथ करने जैसी धमकियां भी दी गई हैं। उनका कहना है कि पूर्व में आपसी राजीनामा होने के बावजूद विवाद जारी है। आए दिन होने वाले झगड़ों के कारण परिवार के सदस्यों में भय और तनाव का माहौल बना रहता है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।
**निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग**
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता का परीक्षण करने का अनुरोध किया है। आवेदन में आरती पति मुकेश मालवीय और जगदीश पिता भेरूलाल मालवीय के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यदि जांच में जानबूझकर झूठे आरोप लगाने या किसी अन्य अपराध के तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।