नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच के हेडगेवार बस स्टैंड (प्राइवेट बस स्टैंड) पर वर्षों पुरानी जर्जर पुलिया के स्थान पर 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अटल सेतु का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। शेष छोटे-मोटे कार्य पूरे होने के बाद इसे जल्द ही जनता को समर्पित कर आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। बुधवार, 14 अक्टूबर को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया और वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती किरण शर्मा के साथ सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
**47 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा है सेतु**
नपाध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि नगर पालिका परिषद में प्रस्ताव पारित कर इस नवनिर्मित पुलिया का नाम अटल सेतु रखा गया है। करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बना यह सेतु 47 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा है। निर्माण कार्य लगभग सात माह में पूरा किया गया है। सेतु पर लाइट लगाने के लिए पोल स्थापित किए जा चुके हैं तथा दोनों ओर रेलिंग भी लगाई जा चुकी है। अब पोल पर लाइट लगाने, रेलिंग पर जाली लगाने और अन्य शेष कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके बाद सेतु को जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
**जर्जर पुलिया से मिलती थी आवागमन में परेशानी**
नपाध्यक्ष ने बताया कि प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित पुरानी पुलिया काफी जर्जर हो चुकी थी। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। बारिश के दिनों में स्थिति और कठिन हो जाती थी। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन पुलिया निर्माण की स्वीकृति प्राथमिकता से प्राप्त कर कार्य पूरा कराया गया है।
**कई कॉलोनियों के रहवासियों को मिलेगी राहत**
क्षेत्र के समाजसेवी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि पुरानी रपट जर्जर होने के कारण बारिश के दौरान लोगों को बड़ी पुलिया से होकर जाना पड़ता था। वहां जाम की स्थिति भी बनती रहती थी। अब अटल सेतु बनने से प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र, वैभव नगर, पटवा कॉम्प्लेक्स, कीर्ति नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी। नए सेतु के निर्माण से क्षेत्रवासियों में प्रसन्नता है।वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती किरण शर्मा ने कहा कि उन्होंने पार्षद का चुनाव लड़ते समय वार्डवासियों से इस पुलिया का निर्माण कराने का वादा किया था। सभी के सहयोग से यह कार्य पूरा हुआ है। निरीक्षण के दौरान समाजसेवी ओमप्रकाश चौधरी, सगरावत सहित अन्य क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।