नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। घर से व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाओं को पहचान दिलाने,उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और नए ग्राहकों से जोड़ने के उद्देश्य से नीमच के जैन भवन में वीर भक्ति ग्रुप की ओर से एक दिवसीय वीर ट्रेड फेयर आयोजित किया गया। मेले में जैन समाज की महिला उद्यमियों ने 35 से अधिक स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। आयोजन के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया गया।
प्रदर्शनी में साड़ी, कुर्ते, ज्वेलरी,हर्बल उत्पाद, अचार,पापड़-बड़ी, हस्तनिर्मित वस्तुएं,क्रोशिए से बनी ज्वेलरी,केक, बेडशीट और पूजा सामग्री सहित विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों पर महिलाओं ने अपने उत्पादों को ग्राहकों के सामने प्रस्तुत किया। खास बात यह रही कि घर से छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करने वाली महिलाओं से लेकर वर्षों से कारोबार कर रही महिला उद्यमियों तक को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिला।वीर भक्ति ग्रुप की वंदना आचलीय और अनामिका पगारिया ने बताया कि कई महिलाएं घर से ही बेहतरीन उत्पाद तैयार कर व्यवसाय कर रही हैं, लेकिन प्रचार-प्रसार और बाजार तक पहुंच नहीं होने के कारण उन्हें अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाते। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए वीर ट्रेड फेयर की पहल की गई है। इसका उद्देश्य महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान बनाने, नए ग्राहकों और व्यावसायिक संपर्कों से जुड़ने तथा कारोबार का विस्तार करने में मदद करना है।उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। ट्रेड फेयर में स्टॉल लगाने के लिए जैन समाज की महिलाओं को मंच दिया गया,जबकि खरीदारी के लिए शहर के सभी नागरिकों को आमंत्रित किया गया।