नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नीमच में दीपावली पर पटाखा बाजार लगाने के स्थान को लेकर प्रशासन और व्यापारियों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। पीजी कॉलेज मैदान में पटाखा बाजार लगाने के प्रशासनिक निर्णय के विरोध में पटाखा व्यापारियों का धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। फोरजीरो स्थित भारत माता चौराहे पर धरने पर बैठे व्यापारी अपनी मांगों पर अड़े हैं।व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर विचार कर शहर के बीच कोई सुविधाजनक स्थान उपलब्ध नहीं कराता, तब तक वे न तो आवेदन भरेंगे और न ही पटाखों की दुकानें लगाएंगे।व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से शहर के क्रमांक-2 स्कूल मैदान में पटाखा बाजार लगता आया है। शहर के बीच होने के कारण यहां महिलाएं और बच्चे भी आसानी से पहुंचकर खरीदारी कर सकते हैं। इस बार प्रशासन ने बाजार को शहर से बाहर पीजी कॉलेज मैदान में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।व्यापारियों के अनुसार, शहर से दूर बाजार लगने पर ग्राहकों की आवाजाही कम होगी, जिससे कारोबार प्रभावित होने और भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है। उनका यह भी कहना है कि बाजार में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने के बावजूद ग्राहकों की कमी के कारण दुकानें चलाना मुश्किल होगा।व्यापारियों ने शहर के बीच होलसेल पटाखा दुकानों के संचालन पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शहर से बाहर दुकानें लगाने के निर्देश के बावजूद कुछ होलसेल व्यापारी राजनीतिक संरक्षण में शहर के भीतर कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में छोटे पटाखा व्यापारियों के लिए अलग नियम लागू किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई है।

**विस्फोटक अधिनियम का हवाला देकर प्रशासन ने रखी अपनी बात**

मामले में एसडीएम पराग जैन ने कहा कि पटाखा बाजार के स्थान को लेकर कुछ व्यापारी प्रशासन के निर्णय का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों और सुरक्षा संबंधी नियमों को ध्यान में रखते हुए शहर के बाहर उपयुक्त स्थान पर पटाखा बाजार लगाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत पीजी कॉलेज मैदान का चयन किया गया है। यहां पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है और दुकानें लगाने के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध है।एसडीएम ने व्यापारियों की उस आशंका पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा जा रहा है कि शहर से बाहर बाजार लगने पर बिना लाइसेंस वाले लोग भी दुकानें संचालित कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस पटाखों की दुकान चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पटाखा बाजार के स्थान को लेकर प्रशासन और व्यापारियों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। व्यापारी पुराने स्थान पर बाजार लगाने की मांग पर अड़े हैं, जबकि प्रशासन पीजी कॉलेज मैदान में ही बाजार लगाने के निर्णय पर कायम है।