नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।गौ सेवा समिति नीमच के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में गोवंश की जान बचाने और उपचार कराने का सराहनीय कार्य किया। बघाना के शक्तिनगर में मल्टी के पीछे स्थित एक कच्चे कुएं में कॉलोनी का गंदा पानी और कचरा भरा हुआ था, जिसमें एक गाय गिर गई थी। सूचना मिलने पर समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला। पिछले वर्ष भी इसी दलदल में गिरे एक बछड़े की जान बचाई गई थी।वहीं,दूसरी घटना विकास नगर में निरोग धाम के पास रात के समय हुई, जहां एक वाहन की टक्कर से गाय का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पिछले पैर की हड्डी टूटकर बाहर निकल आई थी। सूचना पर समिति के सदस्य गौ एम्बुलेंस से मौके पर पहुंचे और घायल गोवंश को उपचारशाला पहुंचाया। वहां उसका ऑपरेशन कर प्लास्टर और पट्टी की गई।गौ सेवा समिति शहर में दिन-रात गोवंश की सेवा में जुटी रहती है। इन सेवा कार्यों में मितेश अहीर, पार्थ जोशी, चिराग जैन, देवी लाल भील सहित स्थानीय लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।