नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। पति की मृत्यु के बाद अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ जीवनयापन कर रही विधवा ललिताबाई बैरागी ने जमीन पर कथित कब्जे और धमकियों से परेशान होकर कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। रामपुरा निवासी महिला ने प्रशासन को आवेदन सौंपकर जमीन से कब्जा हटवाने, सुरक्षा प्रदान करने और संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उक्त जमीन मंदिर की बताई जा रही है।आवेदन के अनुसार, ग्राम सोनडी क्षेत्र में सर्वे क्रमांक 48, 49 और 50 की जमीन पहले उनके पति ने लीज पर दी थी। लीज अवधि समाप्त होने के बाद ललिताबाई ने यह जमीन जगदीश रावत को लीज पर दे दी। महिला का आरोप है कि मोटाजी चावड़ा और कारू रावत पटेल जमीन पर कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं।
ललिताबाई ने आवेदन में आरोप लगाया कि संबंधित लोग जमीन को लेकर विवाद करते हैं, मारपीट का प्रयास करते हैं और खेत पर जाने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे वह और उनकी बेटी भय के माहौल में जीवनयापन करने को मजबूर हैं।महिला के अनुसार, पति की मृत्यु के बाद उक्त जमीन ही मां-बेटी के भरण-पोषण का प्रमुख साधन है। ऐसे में जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद उनके जीवनयापन में परेशानी पैदा कर रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन से कथित कब्जा हटवाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।