नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81 वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में अमेरिका के न्यूयॉर्क से स्वदेश लौटे। उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सोमवार को नीमच आए, जहां मेसी शोरूम चौराहे पर नीमच जिला गुर्जर समाज संगठन ने उनका भव्य स्वागत-अभिनंदन किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष रखकर लौटे गुर्जर के स्वागत में समाजजन एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
**बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया स्वागत**
नीमच पहुंचने पर बंशीलाल गुर्जर ने सर्वप्रथम बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात गुर्जर समाज द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में उनका अभिनंदन किया गया। समाजजनों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का पक्ष रखने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
**संयुक्त राष्ट्र में उठाए वित्तीय समानता के अहम मुद्दे**
बंशीलाल गुर्जर ने 5 से 9 अक्टूबर तक न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भाग लिया। महासभा की पांचवीं समिति में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के खर्चों के बंटवारे, सदस्य देशों द्वारा समय पर अंशदान जमा करने तथा शांति अभियानों में सैनिक और पुलिस बल भेजने वाले देशों को भुगतान में देरी जैसे मुद्दों पर भारत का पक्ष रखा। उन्होंने विकासशील देशों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं डालने और संयुक्त राष्ट्र की वित्तीय व्यवस्था में समानता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
**समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन**
स्वागत समारोह में नीमच जिला गुर्जर समाज अध्यक्ष चंपालाल गुर्जर, क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार, समाज के वरिष्ठ उमराव सिंह गुर्जर, किसान मोर्चा अध्यक्ष राजू नागदा, मनोहर गुर्जर, वीरू गुर्जर, प्रहलाद गुर्जर, ओम गुर्जर, देवा गुर्जर सहित समाज के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद विधायक सेवा केंद्र पर नीमच विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी बंशीलाल गुर्जर का स्वागत-अभिनंदन किया। अंतरराष्ट्रीय मंच से लौटे अपने नेता के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने उत्साह व्यक्त किया।