नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के जावद थाना क्षेत्र के खोर स्थित विक्रम सीमेंट में काम करने वाले झारखंड निवासी 34 वर्षीय श्रमिक पप्पू उरांव की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया था, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।मृतक की पहचान पप्पू उरांव, पिता पूरण उरांव, निवासी कुरुंदारी, जिला गढ़वा, झारखंड के रूप में हुई है। वह करीब 20 से 25 दिन पहले ही मजदूरी करने नीमच आया था और खोर स्थित लेबर कॉलोनी में रह रहा था।परिजनों के अनुसार, शनिवार को ड्यूटी से लौटने के बाद पप्पू की तबीयत बिगड़ गई थी। उसे पतले दस्त की शिकायत थी, जिसके बाद दवा भी दी गई। रविवार रात भोजन करने के बाद वह लघुशंका के लिए कमरे से बाहर निकला। वापस लौटते समय अचानक गिर पड़ा और मदद के लिए आवाज लगाने लगा।आवाज सुनकर साथियों ने उसे तत्काल विक्रम सीमेंट अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
श्रमिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।