नीमच। महेंद्र उपाध्याय। नगर पालिका परिषद नीमच में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को नगरपालिका कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी। सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका की सीएमओ दुर्गा बामनिया को ज्ञापन सौंपकर मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।राष्ट्रीय वाल्मीकि सेना, मार्शल कॉम एवं सफाई कर्मचारी संगठन संयुक्त मोर्चा, नीमच के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदेश स्तरीय एवं स्थानीय स्तर की आठ सूत्रीय मांगें रखीं। ज्ञापन में कहा गया कि सफाई कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवेदन-निवेदन किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।ज्ञापन में 10 से 20 वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों एवं नियमानुसार नियमित करने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने तथा मेडिकल आधार पर अनफिट सफाई कर्मचारियों के स्थान पर उनके परिवार के सदस्य को शासन के नियमानुसार नियमित कार्य पर रखने की मांग की गई।इसके साथ ही नीमच शहर की बढ़ती आबादी, नई कॉलोनियों और बढ़ते शहरी क्षेत्र को देखते हुए 50 पुरुष एवं 50 महिला सफाई कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति करने, दैनिक श्रमिक महिला सफाई कर्मचारियों को शासन के आदेशानुसार मातृत्व अवकाश देने तथा सफाई कर्मचारियों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में वाल्मीकि समाज के मांगलिक भवनों में आवश्यक सुधार कार्य एवं प्रीकास्ट दीवार लगाने सहित विभिन्न कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग भी की गई। वहीं नगरपालिका से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के परिवार के सदस्य को 30 दिवस में कार्य पर रखने की मांग करते हुए पूर्व परिषद द्वारा दिए गए निर्देशों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो वे गांधीवादी तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए सामूहिक अवकाश और काम बंद हड़ताल जैसे कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की।