नीमच। महेंद्र उपाध्याय। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रादेशिक संगठन के आह्वान पर बुधवार को नीमच जिले के पटवारियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। पटवारियों ने देवास जिले में सेवा समाप्ति तथा प्रदेश के अन्य जिलों में पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों का विरोध किया।पटवारी संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि देवास जिले में ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026’ सहित अन्य कार्यों को आधार बनाकर पटवारियों की सेवा समाप्त की गई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी निलंबन एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। संघ का कहना है कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी विधिक एवं व्यवहारिक समस्याओं से शासन को पूर्व में ही अवगत कराया जा चुका है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश संगठन के निर्णय के अनुसार 7 अक्टूबर से प्रदेशभर का पटवारी संवर्ग समस्त ऑनलाइन राजस्व कार्यों से विरत रहेगा। इसके साथ ही पटवारी शासकीय समूहों से भी बाहर रहेंगे। संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक पटवारियों के विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्रवाइयां वापस नहीं ली जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पटवारी संघ ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में प्रदेश के किसी भी जिले में पटवारियों के विरुद्ध ऐसी दंडात्मक कार्रवाई की गई तो पटवारी बिना पूर्व सूचना के तत्काल समस्त राजस्व कार्यों से विरत हो जाएंगे।
संघ ने शासन से देवास जिले में की गई सेवा समाप्ति तथा अन्य जिलों में की गई निलंबन एवं दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल वापस लेने की मांग की है। पटवारियों ने कहा कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।