नीमच। महेंद्र उपाध्याय। जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटियों का जबरन विवाह कराने के लिए दबाव बनाने, विरोध करने पर बेटियों को उठाकर ले जाने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की।आवेदन में महिला ने बताया कि वह विधवा है और चीताखेड़ा में अपने परिवार तथा नाबालिग पुत्रियों एवं पुत्रों के साथ रहती है। महिला के अनुसार प्रतापगढ़ जिले की कच्ची बस्ती निवासी जगदीश नाथ वाधेला, जाति कालबेलिया,उसकी नाबालिग बेटियों  का विवाह अपने पुत्रों में से कुछ के साथ कराने के लिए दबाव बना रहा है।महिला का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति उसके रिश्ते में काका की लड़की का भाई होने के कारण पारिवारिक संबंध में आता है और उसके पुत्रों तथा महिला की बेटियों के बीच भाई-बहन का रिश्ता है। इसके बावजूद बेटियों का विवाह अपने पुत्रों से कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।आवेदन में आरोप लगाया गया कि जब महिला ने विवाह के लिए मना किया तो उसे और उसके परिवार को धमकियां दी गईं। महिला के अनुसार धमकी दी गई कि यदि दोनों लड़कियों का विवाह उसके पुत्रों से नहीं किया गया या किसी अन्य व्यक्ति से विवाह तय करने का प्रयास किया गया तो लड़कियों को जबरन उठाकर ले जाया जाएगा। साथ ही, जिस व्यक्ति से विवाह तय किया जाएगा, उसे जान से मरवाने तथा महिला और उसके परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।पीड़िता ने आवेदन में संबंधित व्यक्ति और उसके पुत्रों पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से संपर्क होने का भी आरोप लगाया है। परिवार ने बताया कि धमकियों के कारण वे भयभीत हैं।पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने,नाबालिग बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा परिवार को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।