नीमच। महेंद्र उपाध्याय। ग्राम विकास सामाजिक एनिमेटर संघ जिला नीमच के पदाधिकारियों एवं सामाजिक अंकेक्षकों (एनिमेटर)ने सोमवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। इसमें मध्यप्रदेश राज्य सामाजिक संपरीक्षा समिति द्वारा 24 सितंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 1331363/2026 के तहत ग्राम सामाजिक एनिमेटर (VSA) के चिन्हांकन एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया पर पुनर्विचार एवं आवश्यक संशोधन की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में कई वर्षों से चयनित एवं प्रशिक्षित सामाजिक अंकेक्षक विभिन्न शासकीय योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में नई प्रक्रिया शुरू करने से पूर्व पूर्व से कार्यरत सामाजिक अंकेक्षकों की योग्यता, अनुभव और कार्यकुशलता को ध्यान में रखा जाए तथा उनकी कार्य निरंतरता एवं आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।संघ ने मांग की कि वर्तमान में कार्यरत सामाजिक अंकेक्षकों को ही नियमित रूप से सामाजिक अंकेक्षण का कार्य सौंपा जाए। साथ ही कार्य दिवस के आधार पर उचित मानदेय और उसका समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में शासन से नई व्यवस्था लागू करने से पहले सामाजिक अंकेक्षकों के प्रतिनिधियों से संवाद करने की भी मांग की गई।ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि सात दिवस के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के सामाजिक अंकेक्षक भोपाल में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।