नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के बरखेड़ा रोड स्थित परशुराम गृह निर्माण साख सहकारी सोसायटी में मुख्य गेट को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को हिंसक हो गया। विवाद के दौरान कांग्रेस के सक्रिय नेता ओम शर्मा के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे, जहां ओम शर्मा का प्राथमिक उपचार किया गया। चोटों को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सोसायटी के मुख्य गेट को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचने की बात भी सामने आई है। इसी विवाद को लेकर गुरुवार को सोसायटी से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने के बाद मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई।

गेट निर्माण को लेकर चल रहा विवाद

सामने आई जानकारी के अनुसार अनंत चतुर्दशी के दिन सोसायटी के मुख्य गेट के निर्माण के लिए भूमि पूजन कर गड्ढा खोदा गया था। आरोप है कि बाद में किसी ने गड्ढे को भर दिया। इसके बाद मुख्य गेट के आसपास पिलर खड़े करने के साथ लोहे की गुमटी लगाए जाने की बात भी सामने आई।इसी विवाद को लेकर गुरुवार को ओम शर्मा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे थे। यहां विवाद बढ़ने के बाद ओम शर्मा के साथ जमकर मारपीट की गई।पंडित राधेश्याम उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मौके पर करीब 10 से 15 लोग मौजूद थे। उन्होंने देवीलाल दवे और अनिकेत दवे, जिन्हें पिता-पुत्र बताया जा रहा है, पर ओम शर्मा के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। इस दौरान पत्थर लगने की बात भी कही गई है। हालांकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

जिला अस्पताल में जुटे कांग्रेस नेता

घटना के बाद घायल ओम शर्मा को जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए चोटों पर टांके लगाए। परिजनों और समर्थकों के अनुसार चोटों की स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए उदयपुर ले जाने की तैयारी की गई।
ओम शर्मा के घायल होने की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में समर्थकों की भीड़ जमा होने से कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।

हाईकोर्ट में लंबित है मामला

मुख्य गेट और भूखंड से जुड़े विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित पक्ष की ओर से मामला हाईकोर्ट में लंबित होने की बात कही गई है। पूर्व में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और लिखापढ़ी होने का दावा भी किया जा रहा है।
फिलहाल मारपीट की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। विवाद किस बात पर बढ़ा, मारपीट में कौन-कौन शामिल था और कानूनी विवाद की वास्तविक स्थिति क्या है, यह पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।