नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के हेडगेवार बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद की गई कार्रवाई में बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से बंद पड़ी और जगह घेरकर खड़ी बसों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 5 बसों को जब्त कर आरटीओ कार्यालय पहुंचाया गया।संयुक्त कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल गामड़ एवं यातायात विभाग के टीआई मलखान सिंह परमार मौके पर मौजूद रहे। आरटीओ टीम और यातायात पुलिस की मौजूदगी में बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से खड़ी बंद बसों को हटाया गया। इन बसों के कारण परिसर का काफी हिस्सा घिरा हुआ था, जिससे बस स्टैंड की व्यवस्थाओं पर असर पड़ रहा था।कार्रवाई के दौरान यात्री प्रतीक्षालय में लंबे समय से कब्जा कर रह रहे लोगों को भी वहां से हटाया गया। प्रतीक्षालय में रखा सामान नगर पालिका की सफाई टीम के सहयोग से हटाकर जब्त किया गया। इसके बाद यात्री प्रतीक्षालय और आसपास के क्षेत्र में सफाई कराई गई।प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य बस स्टैंड परिसर को व्यवस्थित करने के साथ यात्री प्रतीक्षालय को यात्रियों के उपयोग के लिए खाली और सुविधाजनक बनाना रहा। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बस स्टैंड की व्यवस्थाओं को लेकर सामने आए मुद्दों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर आरटीओ एवं यातायात विभाग द्वारा यह संयुक्त कार्रवाई की गई।अधिकारियों के अनुसार बस स्टैंड परिसर में व्यवस्थाओं को लेकर निगरानी आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।