नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र में किशनपुरा गांव के समीप बीती शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत के बाद परिजनों और समाजजनों ने बुधवार को शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और हादसे के जिम्मेदार अज्ञात व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।जानकारी के अनुसार किशनपुरा के समीप कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में नीमच निवासी मुकेश उर्फ लाला यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन शव लेकर नीमच-मनासा रोड स्थित कंट्रोल रूम के बाहर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।परिजनों का कहना था कि हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए तथा मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। मांगों को लेकर परिजन और समाजजन सड़क पर डटे रहे।इसी दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और समाजजनों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और प्रदर्शन समाप्त करने का प्रयास किया। काफी देर चली बातचीत के बाद परिजन लिखित आवेदन देने के लिए सहमत हुए।प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर लिखित आवेदन सौंपा और चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका।