नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नयागांव रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय तक फाटक बंद रहने के कारण एंबुलेंस में गंभीर मरीज को समय पर उपचार नहीं मिल पाने और रास्ते में उसकी मौत होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने मामले में जांच और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर के नाम एसडीएम पराग जैन को ज्ञापन सौंपा है।ज्ञापन के अनुसार, नीमच कैंट की स्कीम नंबर 9 निवासी प्रहलाद सुराह के पुत्र सावरिया सुराह की 29 सितंबर को अचानक तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन एंबुलेंस से मरीज को उदयपुर ले जा रहे थे।परिजनों का आरोप है कि नयागांव रेलवे क्रॉसिंग पर विक्रम सीमेंट फैक्ट्री की मालगाड़ी निकलने के कारण फाटक बंद कर दिया गया। यह फाटक करीब 30 से 35 मिनट तक बंद रहा। इस दौरान एंबुलेंस में मौजूद मरीज की हालत बिगड़ती रही।परिजनों द्वारा संबंधित कर्मचारियों से फाटक खोलने का आग्रह किए जाने के बावजूद फाटक नहीं खोला गया। मालगाड़ी निकलने के बाद भी करीब 15 मिनट तक फाटक बंद रहने का आरोप ज्ञापन में लगाया गया है।परिजनों के अनुसार, इसके चलते मरीज की हालत लगातार बिगड़ती गई और मंगलवाड़ चौराहे के आसपास एंबुलेंस में ही साबरिया सुराह की मौत हो गई। परिवार ने बताया कि मृतक ही परिवार के लिए कमाई का प्रमुख सहारा था,जिससे अब परिजनों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।पीड़ित पक्ष ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विक्रम सीमेंट फैक्ट्री से परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की गई है।