नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कैंट थाना क्षेत्र के सकराना स्थित गोल्ड क्रिस्ट सीमेंट फैक्ट्री परिसर में अज्ञात कारणों के चलते एक मजदूर की मौत का मामला सामने आया है। मजदूर अपने साथियों और परिजनों के साथ करीब पांच दिन पहले झारखंड से नीमच सरिया-सेंटिंग का काम करने आया था। सोमवार दोपहर वह फैक्ट्री परिसर के जंगल क्षेत्र में बेसुध अवस्था में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।सागर मंथन जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चंदन कुमार पिता अरविंद कुमार भुइया उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम अंधारी बाग कला, जिला झारखंड के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार चंदन करीब पांच दिन पहले अन्य मजदूर साथियों और परिजनों के साथ सकराना स्थित गोल्ड क्रिस्ट फैक्ट्री में सरिया-सेंटिंग का काम करने आया था।बताया गया कि बीती रात चंदन अपने मजदूर खेमे से बिना बताए कहीं चला गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और साथी मजदूरों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। सोमवार को परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे, तभी फैक्ट्री परिसर के जंगल क्षेत्र में चंदन बेसुध अवस्था में मिला।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।सागर मंथन फैक्ट्री के जिम्मेदार व्यक्ति भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद चंदन को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि की।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा मजदूर की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।