नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को देशभर में एक साथ, एक स्वर में पूर्ण ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के आह्वान पर आयोजित ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत सुबह ठीक 11 बजे विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ। आयोजकों ने देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों को इस आयोजन से जोड़ने का लक्ष्य रखा।इसी क्रम में नीमच के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में भी करीब 3 हजार से अधिक लोगों ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। कार्यक्रम में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, विद्या भारती मालवा प्रांत के विभाग समन्वयक राघवेन्द्र देराश्री, प्रहलाद राय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सामूहिक गायन के दौरान पूरा परिसर ‘वंदे मातरम्’ के स्वर से गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशप्रेम की भावना को अभिव्यक्त करने का माध्यम बना।विद्या भारती के विभाग समन्वयक राघवेन्द्र देराश्री ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय स्तर पर संपूर्ण सामूहिक गायन का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में नियमित रूप से राष्ट्रगीत का संपूर्ण गायन कराया जाता है, लेकिन इस देशव्यापी आयोजन को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह रहा।कार्यक्रम संयोजक नीलेश पाटीदार ने बताया कि नीमच में करीब 3 हजार लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया। उन्होंने कहा कि आयोजन में समाजजन, धार्मिक प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी,आचार्य-दीदी और अभिभावकों ने सहभागिता की।विद्यालय समिति की सहसचिव शिवा मित्तल ने आयोजन को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि देशभर में सुबह 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्थानों ने सहभागिता की।