नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। शहर में अवैध निर्माण और नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ नगरपालिका ने कार्रवाई करते हुए यु शेप मार्केट में जोरबा इंफोटेक की तीनों दुकानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता अरुण यादव द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत के बाद बुधवार को नगरपालिका की टीम द्वारा की गई।शिकायत में स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण और बिना अनुमति बेसमेंट बनाए जाने सहित अन्य अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था। शिकायत के बाद नगरपालिका की अतिक्रमण निरोधक टीम, नगर नियोजक और भवन शाखा के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भवन में बिना अनुमति बेसमेंट निर्माण सहित कई खामियां सामने आने पर टीम ने तत्काल तीनों दुकानों को सील कर दिया।कार्रवाई के दौरान मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और दुकानों पर नगरपालिका की सील के साथ नोटिस चस्पा किया गया।संचालकों को संबंधित दस्तावेज और स्पष्टीकरण नगरपालिका कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की आगे की कार्रवाई जांच और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद की जाएगी।