नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। श्री एसआर कॉलेज में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के तहत बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। रेडक्रॉस ब्लड बैंक के सदस्य सत्येंद्र राठौर एवं उनकी टीम ने शिविर में रक्त संग्रहण किया और आयोजन में सहयोग प्रदान किया।कॉलेज प्रबंधन धर्मेश तिवारी ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में रक्तदान शिविर रखा गया। शिविर में विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रजिस्ट्रेशन कराया और अधिक से अधिक विद्यार्थि रक्तदान कर रहे है। अधिकांश रक्तदाता विद्यार्थियों के लिए यह पहला रक्तदान रहा। पहली बार रक्तदान करने के बावजूद विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला और वे अपनी इच्छा से आगे आकर रक्तदान कर रहे हैं।डॉ. चेतना त्रिपाठी ने कहा कि युवाओं में ऊर्जा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इस ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जाए। कॉलेज का प्रयास है कि विद्यार्थियों की सकारात्मक ऊर्जा को समाजसेवा से जोड़ा जाए और उनके माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे। रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में विद्यार्थियों की भागीदारी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कॉलेज प्रांगण में आयोजन को व्यवस्थित रूप से संचालित करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।