नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जलझूलनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को निकाले गए बेवाण जुलूस के दौरान कैंट थाना क्षेत्र के टैगौर मार्ग स्थित फव्वारा चौक के समीप नाचने को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक द्वारा दो युवकों पर हमला किए जाने की बात सामने आई,जिसमें दोनों घायल हो गए।जानकारी के अनुसार घायल कार्तिक पिता शंकरलाल (18), निवासी मोदी नगर, भागेश्वर मंदिर के समीप के कान के पास चोट लगी है। वहीं सूरज पिता दिनेश (17), निवासी मोदी नगर, भागेश्वर मंदिर के समीप के सिर में चोट आई है। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस टीम के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे। अस्पताल परिसर में घायलों के परिजन और अन्य लोग भी एकत्रित हो गए थे।स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और भीड़ को वहां से रवाना किया।पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। विवाद के वास्तविक कारण और हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य तथ्यों की जांच पुलिस स्तर पर की जा रही है।