नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। डोल ग्यारस पर्व पर मांस, मछली और अंडे की दुकानें बंद रखने के नगर पालिका के निर्देश के बावजूद दुकानें खुली मिलने पर नगर पालिका ने कार्रवाई की। सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और सहायक राजस्व निरीक्षक हेमंत कलोसिया की टीम ने शहर में निरीक्षण किया।इस दौरान सात दुकानें खुली मिलने पर उन्हें तत्काल बंद करवाया गया। संबंधित दुकानदारों के चालान बनाकर कुल 4 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। साथ ही मांसाहार सामग्री भी जब्त की गई।सहायक राजस्व निरीक्षक हेमंत कलोसिया ने बताया कि कार्रवाई राज मंदिर एवं मानक टॉकीज के पास स्थित रॉक्सी अंडा सेंटर, स्कीम नंबर 9 स्थित यूनुस भाई मुर्गे वाले, खारी कुआं स्थित हैदर भाई, स्कीम नंबर 7 स्थित मटन की दुकान तथा दो अंडे के ठेलों पर की गई।