नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। महू रोड स्थित वृंदावन कॉलोनी में नवीन पाइप लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से रहवासी परेशान हैं। पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई के बाद निकली काली मिट्टी को सड़क पर ही बेतरतीब तरीके से डाल दिए जाने से बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। मिट्टी के कीचड़ में बदलने से कॉलोनी के मुख्य मार्ग सहित अन्य सड़कों पर आवागमन मुश्किल हो गया है।कॉलोनीवासियों के अनुसार,काली मिट्टी चिकनी होने के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों के लिए भी यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। रहवासियों का दावा है कि फिसलन के कारण कई लोग और स्कूली बच्चे सड़क पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद सड़क को पूर्व स्थिति में लाने के लिए अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।रहवासियों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति से नगर पालिका नीमच के संबंधित अधिकारियों, वार्ड पार्षद,प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है।कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़क और गड्ढों को पूर्व स्थिति में लाने की मांग की है। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार सीसी रोड की मरम्मत कराने अथवा गिट्टी-मुरम डालकर सड़क को समतल कराने की मांग रखी है, ताकि कीचड़ और फिसलन की समस्या दूर हो सके।रहवासियों ने पाइप लाइन कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की है।उनका कहना है कि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं की गई तो फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।