नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जीरन तहसील के ग्राम मालिया स्थित देवनारायण मंदिर के पुजारी के खिलाफ ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने शिकायत में धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों में भय उत्पन्न कर रुपए लेने, ग्रामीणों से विवाद करने तथा विरोध करने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर संबंधित पुजारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान में मोहनलाल पिता लाभचंद मेघवाल मंदिर में पूजा-अर्चना एवं सेवा का कार्य करते हैं। शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में कथित रूप से ऐसी गतिविधियां की जा रही हैं, जिनके चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि इन गतिविधियों का विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा धमकियां दी गईं।ग्रामीणों ने शिकायत में आरोप लगाया कि पुजारी द्वारा उन्हें डराया-धमकाया गया और विरोध करने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं के कारण गांव में भय का वातावरण बना हुआ है और वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुजारी के खिलाफ नियमानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा उसे पुजारी पद से हटाने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी है।