नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली यात्री बसों में कृषि जिंसों की लोडिंग-अनलोडिंग किए जाने की शिकायतों के बाद सोमवार शाम परिवहन विभाग ने कार्रवाई की।जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल गामड़ के नेतृत्व में आरटीओ विभाग की टीम ने हेडगेवार बस स्टैंड पर जांच के दौरान गायत्री ट्रेवल्स की बस में कृषि जिंसों की बोरियां पाईं। टीम ने बस से बोरियां खाली करवाने के साथ ही बस संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल गामड़ ने सागर मंथन को बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यात्री बसों में कृषि जिंसों की लोडिंग-अनलोडिंग की जा रही है। शिकायतों के आधार पर सोमवार शाम हेडगेवार बस स्टैंड पर जांच की गई। इस दौरान गायत्री बस में कृषि उपज की बोरियां मिलीं,जिन्हें बस से उतरवाया गया। परमिट की शर्तों के उल्लंघन के मामले में बस का 5 हजार रुपए का चालान बनाया गया है।परिवहन विभाग के अनुसार यात्री बसों में निर्धारित नियमों के विपरीत कृषि उपज अथवा अन्य सामान का परिवहन किए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। विभाग द्वारा बसों की जांच आगे भी जारी रखी जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि सवारी वाहन में नियमों के विपरीत सामान लोड किया जाता है तो संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।नीमच से दिल्ली जाने वाली कुछ यात्री बसों में कृषि जिंसों की बोरियां लोड किए जाने की शिकायतें पूर्व में भी सामने आती रही हैं। शिकायतों में बसों के भीतर यात्रियों के सामान रखने वाले स्थानों के साथ अन्य खाली जगहों पर भी कृषि उपज रखे जाने की बात कही गई है।सागर मंथन विभाग ने कहा है कि यात्री बसों के परमिट की शर्तों और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा। कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।