नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के बीचों-बीच मुख्य मार्ग पर संचालित अवैध मांस की दुकान को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को सर्व हिंदू समाज के साथ बंगला नंबर 41 और 42 के रहवासी सड़क पर उतर आए। आक्रोशित रहवासियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल बंद कराने तथा रहवासी क्षेत्र से हटाने की मांग की गई।ज्ञापन में रहवासियों ने आरोप लगाया कि सीआरपीएफ रोड पर ‘चिकन पैलेस’नाम से बिना लाइसेंस के मांस की दुकान संचालित की जा रही है। मुख्य मार्ग और रहवासी क्षेत्र के बीच संचालित होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।रहवासियों का कहना है कि दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है तथा ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है। इसके चलते दिनभर आवागमन में परेशानी के साथ ही कई बार जाम की स्थिति भी निर्मित होती है।रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से दुकान के लाइसेंस एवं अन्य वैधानिक अनुमतियों की जांच कराने तथा नियमों के विपरीत संचालन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई कर दुकान को हटाया नहीं गया तो सर्व हिंदू समाज और क्षेत्रवासी आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।