नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान को बचाने के लिए चल रहे आंदोलन के बीच भारत माता चौराहा स्थित धरना स्थल से सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति ने मामले को लेकर कैंट थाने में आवेदन देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की मांग की है।समिति द्वारा क्रमांक-2 के खेल मैदान में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल के निर्माण का विरोध किया जा रहा है। मैदान को बच्चों और आमजन के लिए सुरक्षित रखने की मांग को लेकर समिति का चरणबद्ध आंदोलन जारी है। इसी क्रम में भारत माता चौराहा स्थित धरना स्थल पर आंदोलन किया जा रहा था।समिति के आवेदन के अनुसार 20 और 21 सितंबर की दरमियानी रात धरना स्थल से एक वाटरप्रूफ टेंट, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है, सहित 2 से 3 बैनर-फ्लेक्स, दरी, तख्त और अन्य आवश्यक सामग्री गायब हो गई। सुबह धरना स्थल पर पहुंचे समिति के सदस्यों को सामान नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने कैंट थाने पहुंचकर शिकायत प्रस्तुत की।आवेदन में समिति ने अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा सामान चोरी किए जाने की आशंका जताई है। समिति ने पुलिस से भारत माता चौराहा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने, चोरी गया सामान बरामद करने तथा धरना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।खेल मैदान बचाने के आंदोलन के बीच धरना स्थल से सामान चोरी होने की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद अब मामले की जांच पुलिस द्वारा की जाएगी।जांच के बाद ही चोरी की घटना और उसमें शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।