नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिले के जावद थाना क्षेत्र के अठाना गांव में रविवार को एक 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान चेतन पिता जमनालाल सुतार निवासी अठाना के रूप में हुई है। घटना से पहले युवक द्वारा एक युवती को भेजे गए वीडियो संदेश सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। परिजनों ने युवक को पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार रविवार शाम करीब 6 बजे चेतन की मां खेत से घर लौटीं तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने और दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो चेतन फंदे पर लटका मिला। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
चेतन फर्नीचर का काम करता था और अपने माता-पिता के साथ रहता था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन एवं परिचित उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।परिजनों के मुताबिक चेतन के मोबाइल फोन की जांच करने पर एक युवती के साथ उसकी चैट सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि इसी मामले को लेकर चेतन पिछले करीब 5-7 दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, युवती की ओर से इस संबंध में क्या स्थिति रही और युवक की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।परिजनों के अनुसार चेतन ने घटना से पहले चलती गाड़ी से युवती को वीडियो संदेश भेजा था। वीडियो में वह माफी मांगने की बात कहते हुए यह भी कह रहा था कि उसने बहुत माफी मांग ली है और अब वह माफी नहीं मांग पाएगा। वह अपनी गलती स्वीकार करने की बात कहते हुए जीवन समाप्त करने की बात भी कहता नजर आ रहा है।मृतक के परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने और यदि किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि चेतन पिछले कुछ दिनों से परेशान था, लेकिन उसने परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं दी थी।फिलहाल जावद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मोबाइल में मिले वीडियो,चैट एवं अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही युवक की आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।