नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। ग्राम भरभड़िया के एक विवाद ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया, जब एक पक्ष के लोग सरपंच एवं ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, कुछ देर बाद दूसरे पक्ष ने भी एसपी कार्यालय पहुंचकर पहले पक्ष के खिलाफ शिकायत प्रस्तुत की, जिससे मामला आमने-सामने के आरोपों तक पहुंच गया है।एसपी को दिए आवेदन में ग्राम भरभड़िया निवासी जगदीश पाटीदार ने बताया कि उनके भाई सुंदरलाल पाटीदार की पुश्तैनी कृषि भूमि पर करीब 45 वर्ष पूर्व देवा भील द्वारा एक कुआं खुदवाया गया था, जिसकी राशि उसी समय अदा कर दी गई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया कि वर्तमान में देवा भील के पुत्र मांगीलाल भील द्वारा शराब के नशे में उनसे और उनके भाई से पुराने कुएं की खुदाई के नाम पर अवैध रुपए की मांग की जा रही है।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रुपए नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को झूठे व फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी द्वारा अपशब्द कहे गए और पूर्व में भी कुछ ग्रामीणों के खिलाफ कथित रूप से असत्य शिकायतें की गई थीं। इस संबंध में सरपंच और ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।इधर,मामले में दूसरा पक्ष भी एसपी कार्यालय पहुंचा और पहले पक्ष के लोगों के खिलाफ अपनी शिकायत प्रस्तुत की। दूसरे पक्ष ने भी अपने साथ हुए घटनाक्रम को लेकर कार्रवाई की मांग की है। दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस अब शिकायतों की जांच कर रही है।ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सत्यता सामने लाई जाए,ताकि गांव में शांति और सौहार्द बना रहे।