नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। पति द्वारा दूसरा विवाह किए जाने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पहली पत्नी और उसके परिजनों के साथ मारपीट तथा वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता कविता पति जीतमल बंजारा ने शनिवार को बंजारा समाज के लोगों के साथ नीमच एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत आवेदन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।एसपी को दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि उसका पारिवारिक विवाद पति जीतमल पिता नंदलाल निवासी पोखरदा, तहसील मनासा के साथ चल रहा है। इस संबंध में उसने पूर्व में भी 27 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी। पीड़िता के अनुसार, 18 सितंबर को उसे जानकारी मिली कि उसके पति द्वारा समाज में दूसरा विवाह किया जा रहा है। सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ संबंधित गांव पहुंची।पीड़िता का आरोप है कि वहां पहुंचने पर समाज के कुछ लोगों ने एकजुट होकर उसके वाहन को पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया तथा उसके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। शिकायत में गोपाल पिता पेमा, उकार पिता पेमा, प्रकाश गड़डा, जीवन पिता गुड्डा, तूफान, श्यामा, राहुल पिता प्रताप, शैतान पिता प्रताप, विक्रम पिता मिंटू, मुकेश और ईश्वरसिंह सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।पीड़िता के अनुसार घटना के बाद वह और उसके परिवार के सदस्य किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले।
*बेटी की परवरिश का भी उठाया मुद्दा*
पीड़िता ने आवेदन में यह भी बताया कि पति उसे छोड़कर दूसरा विवाह कर चुका है। उसकी पुत्री मिष्ठी वर्तमान में अपने ननिहाल में रह रही है और उसके भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी मायके पक्ष द्वारा उठाई जा रही है। पीड़िता ने एसपी से मामले में जांच कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद वाहन में तोड़फोड़ और मारपीट से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और उसमें शामिल लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पीड़िता द्वारा सौंपे गए आवेदन के आधार पर अब पुलिस स्तर पर मामले की जांच और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।