नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा अवमानना के एक मामले में जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बीच खनिज संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक कुमार पोरवाल गुरुवार को नीमच पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में वे शामिल हुए। कार्यक्रम में करीब 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ ने अवमानना से जुड़े मामले में तत्कालीन प्रमुख सचिव राजस्व विवेक कुमार पोरवाल और तत्कालीन सागर कलेक्टर संदीप जीआर के खिलाफ जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। न्यायमूर्ति विवेक जैन की एकलपीठ ने दोनों अधिकारियों को 21 सितंबर को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश कराने के निर्देश दिए हैं। वारंट की तामीली की जिम्मेदारी भोपाल पुलिस कमिश्नर और सागर एसपी को सौंपी गई है।

 *हाईकोर्ट का मामला*

मामला सागर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ एक महिला दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के नियमितीकरण और वेतन वृद्धि से जुड़ा बताया गया है। रिपोर्टों के अनुसार 19 मार्च 2025 को हाईकोर्ट ने संबंधित दावे का 90 दिनों के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित अवधि में आदेश का पालन नहीं होने पर अवमानना याचिका दायर की गई। इसके बाद नोटिस जारी होने के बावजूद अदालत में अधिकारियों की ओर से प्रभावी उपस्थिति और अनुपालन रिपोर्ट नहीं होने पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया।अदालत ने दोनों अधिकारियों को 21 सितंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश कराने के निर्देश दिए हैं। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक विवेक कुमार पोरवाल मध्यप्रदेश कैडर के 2000 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और 17 जून 2026 से खनिज संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव पद पर कार्यरत हैं।
इधर,हाईकोर्ट के आदेश में 21 सितंबर को पेशी के निर्देश के बीच पोरवाल का नीमच दौरा चर्चा में रहा। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री,प्रोसेसिंग यूनिट एवं अन्य शासकीय योजनाओं के स्थलीय निरीक्षण के साथ किलेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में भी सहभागिता की।