नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। ग्राम चौथखेड़ा के ग्रामीणों ने गांव की आबादी और खेतों से होकर 33 हजार केवी विद्युत लाइन ले जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने विद्युत लाइन का मार्ग बदलकर बरखेड़ाखेड़ा की ओर से ले जाने की मांग की है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि वे ग्राम चौथखेड़ा में निवास करते हैं और उनकी कृषि भूमि एवं मकान गांव में स्थित हैं। ग्रामीणों के अनुसार चौथखेड़ा से फोरलेन मार्ग पर एक हॉट बार्न फूड्स कंपनी का निर्माण हुआ है। कंपनी के लिए गांव के बाहर से हाईटेंशन विद्युत लाइन जा रही है। इसी प्रकार गांव के रास्ते पर पूर्व से लगभग 11 हजार केवी की विद्युत लाइन लगी हुई है, जिससे बारिश के दौरान करंट फैलने की आशंका बनी रहती है और ग्रामीणों की जान-माल को खतरा रहता है।ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित फैक्ट्री मालिक गांव की आबादी में से कनेक्शन लेकर फोर लाइन पर करीब 33 हजार केवी की विद्युत लाइन ले जाना चाहते हैं। इससे गांव और खेत-खलिहान में रहने वाले लोगों के लिए भविष्य में गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। ग्रामीणों ने मांग की कि 33 हजार केवी की लाइन को गांव और खेतों के बीच से ले जाने पर रोक लगाई जाए तथा इसे बरखेड़ाखेड़ा की ओर से गुजर रही फोर लाइन से जोड़ा जाए, ताकि गांव की आबादी और ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रहे।ज्ञापन में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी आपत्ति पर विचार किए बिना लाइन बिछाई जाती है और इससे कोई नुकसान या जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।