नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मनासा तहसील क्षेत्र के मालाहेड़ा, देवरी परदा, सुंडी और मोखमपुरा सहित आसपास के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर क्षेत्र की बदहाल सड़कों और पुलिया के अभाव की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन देकर तीन प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्गों के नवनिर्माण तथा बरसाती नालों पर पक्की पुलिया निर्माण की मांग की।ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि मालाहेड़ा से देवरी परदा,सुंडी से चारभुजा की बारद तथा मोखमपुरा से देवरी परदा मार्ग वर्तमान में पूरी तरह बदहाल हैं। बारिश के दौरान इन मार्गों पर बने बरसाती नालों और खालों पर पुलिया नहीं होने से पानी सड़क के ऊपर से बहता है। इसके चलते कई दिनों तक गांवों का आपसी संपर्क और तहसील मुख्यालय से आवागमन प्रभावित रहता है। आपात स्थिति में एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों के गांव तक पहुंचने में भी परेशानी होती है।ग्रामीणों ने विशेष रूप से देवरी परदा से मालाहेड़ा मार्ग की खराब स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि इस रास्ते से होकर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को कीचड़,गहरे गड्ढों और जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ता है। इससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।ज्ञापन में कहा गया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मांग की है कि तीनों मार्गों पर पक्की सड़क और बरसाती नालों पर आरसीसी पुलिया निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग अथवा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को जल्द आदेश जारी किए जाएं।अन्यथा आगामी दिनों में आंदोलन उग्र होगा।