नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के तहत शुक्रवार को नीमच में बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने पंजाब नेशनल बैंक की टैगोर मार्ग शाखा के बाहर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों के निराकरण की मांग की और सरकार व बैंक प्रबंधन की कथित उदासीनता पर नाराजगी जताई।हड़ताल में सरकारी क्षेत्र के बैंकों के साथ निजी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंक के कर्मचारी भी शामिल रहे। इसके चलते जिले में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं और आम ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंक सप्ताह लागू करने,द्विपक्षीय समझौतों का पालन सुनिश्चित करने, पीएलआई से जुड़े मुद्दों का समाधान करने सहित अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लगातार हो रहे बैंकों के विलय और कर्मचारियों की संख्या में कमी का सीधा असर ग्राहक सेवाओं पर पड़ रहा है। पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होने पर राष्ट्रीयकृत बैंक ग्राहकों को बेहतर और सुचारू सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की एक दिवसीय हड़ताल सरकार का ध्यान कर्मचारियों की लंबित मांगों की ओर आकर्षित कराने का प्रयास है।कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगामी 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जा सकती है। इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल का भी आह्वान किया जा सकता है। कर्मचारियों ने सरकार से समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।