नीमच। महेंद्र उपाध्याय। उपनगर बघाना क्षेत्र में पिता-पुत्र के साथ मारपीट और धमकाने के मामले को लेकर जिला मुस्लिम इंतजामिया कमेटी की ओर से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। गुलाम रसूल पठान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में 7 सितंबर की शाम हुई घटना का उल्लेख करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।ज्ञापन में बताया गया कि बघाना निवासी सरताज खां अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान हुए विवाद के बाद कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। कमेटी ने पुलिसकर्मी द्वारा की गई मारपीट का विरोध जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 24 घण्टो में संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाती है तो जिला मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदस्य एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन एवं धरने पर बैठेंगे। कमेटी ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग की है।