नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम चीताखेड़ा निवासी एक विधवा महिला ने अपनी नाबालिग बेटियों का जबरन विवाह कराने के लिए दबाव बनाने, परिवार को धमकाने और बेटियों को जबरन उठाकर ले जाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।महिला ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय नीमच पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत किया और आरोपी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई के साथ परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।एसपी कार्यालय में दिए आवेदन में महिला ने बताया कि वह विधवा है और अपने परिवार व नाबालिग पुत्र-पुत्रियों के साथ चीताखेड़ा में निवास करती है। महिला का आरोप है कि प्रतापगढ़ निवासी जगदीश नाथ वाघेला,जाति कालबेलिया, उसकी पुत्रियों का विवाह उसके पुत्रों से कराने के लिए दबाव बना रहा है।महिला के अनुसार उसने जब बेटियों का विवाह आरोपी के पुत्रों से करने से इनकार किया तो आरोपी द्वारा उसे और उसके परिवार को डराया-धमकाया जाने लगा। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने धमकी दी कि यदि दोनों लड़कियों का विवाह उसके पुत्रों के साथ नहीं किया गया अथवा किसी अन्य व्यक्ति से विवाह तय करने का प्रयास किया गया तो उन्हें जबरन उठाकर ले जाया जाएगा तथा जिससे रिश्ता तय किया जाएगा, उसे भी जान से मरवा दिया जाएगा।महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसके पुत्र बंदूक लेकर परिवार को डराते-धमकाते हैं तथा प्रतापगढ़ के कुछ लोगों से उनके संपर्क हैं। ऐसे में उसे अपनी और अपनी नाबालिग बेटियों व परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है।पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी,उसके पुत्रों व अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।आवेदन दिनांक 8 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिया गया है।