नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जमीन विवाद के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को कंजार्डा निवासी हीरालाल मालवीय ने एक बार फिर नीमच कलेक्टर कार्यालय परिसर में अपने शरीर पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीएम पराग जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।हीरालाल मालवीय ने अधिकारियों पर उसे लगातार परेशान और प्रताड़ित करने तथा जमीन विवाद के मामले में एकपक्षीय कार्रवाई किए जाने के आरोप लगाए। उसका कहना है कि कंजार्डा स्थित उसकी जमीन से संबंधित विवाद लंबे समय से लंबित है।सागर मंथन मामले के निराकरण के लिए वह कई बार अधिकारियों को आवेदन और शिकायतें दे चुका है,लेकिन उसकी समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर उसने दोबारा आत्मदाह का प्रयास किया।बता दे कि हीरालाल मालवीय द्वारा इससे पहले भी अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया जा चुका है। इसके बावजूद जमीन विवाद का निराकरण नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने मंगलवार को फिर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया।
*प्रशासन ने तीन स्तरीय जांच के आदेश बताए*
मामले में प्रशासन का कहना है कि जमीन विवाद की जांच के लिए पूर्व में ही तीन स्तरीय जांच के आदेश दिए जा चुके हैं।सागर मंथन संबंधित प्रकरण में न्यायालयीन प्रक्रिया भी चल रही है। अधिकारियों ने हीरालाल को समझाइश देते हुए बताया कि प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच और न्यायालयीन कार्रवाई जारी है।घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाला। अब मामले में चल रही जांच एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात प्रशासन की ओर से कही गई है।