नीमच। महेंद्र उपाध्याय। नीमच नगर पालिका परिषद के विशेष सम्मेलन में सोमवार को रखे गए सभी 28 प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। सम्मेलन में करीब 40 साल बाद नगरपालिका की भूमि पर आवासीय एवं व्यावसायिक कॉलोनी विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंजूर हुआ। नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि कॉलोनी विकसित होने से नगरपालिका को करोड़ों रुपये की आय होने की उम्मीद है। साथ ही नागरिकों को आवास एवं व्यवसाय के लिए भूमि उपलब्ध होगी और नगरपालिका की जमीन का नियोजित उपयोग हो सकेगा।सम्मेलन में जाजू सागर बांध को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए करीब 53 लाख रुपये के कार्यों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा सीआरपीएफ रोड, विजय टॉकीज रोड, फव्वारा चौक, मेसी शोरूम चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों के डामरीकरण एवं सीसी रोड से जुड़े कार्यों पर भी निर्णय लिया गया। टैगोर मार्ग पर भूमिगत विद्युत लाइन डालने की योजना को भी स्वीकृति मिली।प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 3.23 करोड़ रुपये की फायर सेफ्टी व्यवस्था का प्रस्ताव पारित किया गया। नगर वन, सोलर परियोजना, टाउन हॉल जीर्णोद्धार और स्टाफ क्वार्टर से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।सम्मेलन में विपक्षी पार्षदों ने शहर की रोजमर्रा की समस्याओं को लेकर सवाल उठाए। दूषित एवं अपर्याप्त पेयजल आपूर्ति,पेंशन, अधूरे निर्माण कार्य,आवारा पशु-कुत्तों तथा नगरपालिका की जमीन पर अतिक्रमण के मुद्दे प्रमुखता से उठे। अधूरे कार्यों को लेकर ठेकेदार को अंतिम नोटिस देने और आवश्यक कार्रवाई के बाद नया टेंडर बुलाने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी सीएमओ ने दी।नई गुमटियों के माध्यम से हो रहे अतिक्रमण पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। परिषद में विकास योजनाओं के साथ सार्वजनिक एवं नगरपालिका भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने पर जोर दिया गया। विशेष सम्मेलन में दीर्घकालीन विकास की कई योजनाओं को मंजूरी मिलने के बावजूद इन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना और नागरिक समस्याओं का स्थायी समाधान नगरपालिका के सामने बड़ी चुनौती रहेगा।