नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक प्राथमिक एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने पीजी कॉलेज से रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए महाविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होना भी जरूरी है,लेकिन कई महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को प्राथमिक सुविधाओं के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।एबीवीपी ने महाविद्यालयों में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल,खराब वाटर कूलर और आरओ मशीनों की मरम्मत, छात्र-छात्राओं के लिए पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय तथा छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन की उपलब्धता की मांग की। इसके अलावा कक्षाओं में पर्याप्त बेंच-डेस्क, पंखे, प्रकाश, खिड़कियां और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी रखी गई।ज्ञापन में पुस्तकालयों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, समाचार-पत्र एवं बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा महाविद्यालयों में ई-लाइब्रेरी शुरू करने पर विचार करने की मांग की गई। वहीं प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण, सामग्री और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खराब उपकरणों की मरम्मत अथवा उन्हें बदलने की बात कही गई विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल मैदानों को व्यवस्थित करने और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने, परिसर में नियमित सफाई, कूड़ेदान एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था करने तथा परिसर को प्लास्टिक मुक्त एवं हरित बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त बेंच, बैठने के स्थान और आवश्यकतानुसार शेड की व्यवस्था करने की मांग की गई।एबीवीपी ने सभी शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रियायती दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कैंटीन व्यवस्था अनिवार्य रूप से शुरू करने तथा रोजगार एवं कौशल मार्गदर्शन के लिए विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल को पूर्ण क्षमता के साथ पुनः सक्रिय करने की मांग भी उठाई।परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुविधाजनक और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिलना जरूरी है। ज्ञापन के माध्यम से मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने तथा जिन कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट या उच्च स्तर की स्वीकृति आवश्यक है, उनके प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजने की मांग की गई। साथ ही की गई कार्रवाई से विद्यार्थी प्रतिनिधियों को अवगत कराने का आग्रह किया गया।