नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। सीएम जनविश्वास योजना के अंतर्गत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच नगरीय क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका कार्यालय सहित नगर पालिका द्वारा संचालित एवं संधारित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को नागरिकों के कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।कलेक्टर चंद्रा ने नगर पालिका कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं दफ्तरों का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लीज नवीनीकरण, पट्टा नवीनीकरण एवं नामांतरण सहित नागरिकों से संबंधित सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन कार्यों के लिए नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए।उन्होंने सागर मंथन को बताया कि लीज नवीनीकरण के प्रकरणों के निराकरण के लिए तीन माह की समय-सीमा निर्धारित है। इसके लिए नगर परिषद की बैठक बुलाकर प्रकरणों का समय पर निराकरण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका स्कूलों के साथ ही सीवरेज, वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार एवं नियमित निगरानी के निर्देश दिए।कलेक्टर ने सागर मंथन को बताया कि शासकीय संस्थानों में अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। अस्पतालों में डॉक्टर एवं स्टाफ,स्कूलों में शिक्षक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें। समय पर उपस्थित नहीं होने वाले कर्मचारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एक स्कूल में शिक्षक के अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए।कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय में पहुंचे आम नागरिकों से भी चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम,तहसीलदार, डिप्टी कलेक्टर सहित नगर पालिका एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।