नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। समस्त सवर्ण समाज जिला नीमच की ओर से आरक्षण व्यवस्था एवं यूजीसी तथा एससी-एसटी से जुड़े प्रावधानों को लेकर विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से सवर्ण समाज ने वर्तमान आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर जातिगत आधार के स्थान पर आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान आरक्षण व्यवस्था को लेकर समाज के एक वर्ग में असंतोष है। सवर्ण समाज की मांग है कि आरक्षण अथवा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ जातिगत आधार के बजाय आर्थिक एवं जरूरत के आधार पर सभी जाति, वर्ग और धर्म के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को दिया जाए। समाज ने कहा कि समानता और सबका साथ,सबका विकास की भावना को मजबूत करने के लिए जरूरतमंद लोगों की आर्थिक स्थिति को आधार बनाया जाना चाहिए।ज्ञापन में आरक्षण एवं संबंधित कानूनों की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव किए जाने की मांग की गई। साथ ही सवर्ण समाज की युवा पीढ़ी में बढ़ते असंतोष का उल्लेख करते हुए सरकार से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर समाधान निकालने की अपील की गई,ताकि सामाजिक सौहार्द और भाईचारा कायम रहे।इसके अलावा जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे सवर्ण समाज के लोगों पर कथित पुलिस कार्रवाई का भी विरोध जताया गया। ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों के साथ लाठीचार्ज एवं पुलिस की कथित ज्यादती बंद करने की मांग की गई।सवर्ण समाज ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा सभी वर्गों के बीच समानता एवं सामाजिक समरसता कायम रखने के लिए प्रभावी पहल की जाए। ज्ञापन समस्त सवर्ण समाज जिला नीमच की ओर से सौंपा गया।